Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा): नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मझिआंव थाना कांड संख्या 72/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 76 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8/12 के अंतर्गत भवनाथपुर थाना क्षेत्र के भवनाथपुर गांव निवासी दिलीप बैठ के 20 वर्षीय पुत्र रोहित बैठा उर्फ रोहित कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता बरडीहा थाना क्षेत्र की लगभग 17 वर्षीय नाबालिग है, जिसका ननिहाल मझिआंव थाना क्षेत्र में है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से परिचय होने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया गया है। वहीं पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया तथा मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका न्यायालय में बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











