
Location: पलामू
मेदिनीनगर: पांडू थाना क्षेत्र के बंदला गांव में शुक्रवार शाम तेल मशीन की चपेट में आने से एक 14 वर्षीय किशोर का दाहिना हाथ जड़ से कट गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बंदला गांव निवासी दिलीप चौधरी का बेटा नीरज चौधरी सरसों पेरवाने के लिए गांव के ही रामकिशन चौधरी की तेल मिल में गया था। इसी दौरान तेल मशीन में फंसने से उसका दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत बिश्रामपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से चिकित्सकों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग मशीन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।