Location: पलामू
मेदिनीनगर।हरिहरगंज थाना क्षेत्र के खड़गपुर पार पहाड़ गांव निवासी रामजीत यादव के 35 वर्षीय पुत्र रामराज यादव का शव सीमावर्ती बिहार के गया जिला अंतर्गत बोधि बिगहा थाना क्षेत्र के हुरमेठ टोला स्थित जमुनिया खाला के समीप से गुरुवार को बरामद हुआ है. आशंका जताई जाती है कि उसकी हत्या पीट- पीट कर की गयी है. उसके चेहरे पर जख्म के निशान तथा मुंह और नाक से काफी ब्लड गिरा पड़ा है. शव के पास से उसकी बाइक व मोबाइल के साथ ही कुछ ही दूरी से उसके ट्रैक्टर की बरामदगी हुई है. सूचना के बाद बिहार के बोधि बिगहा थाना पुलिस तथा हरिहरगंज थाना के पथरा ओपी पुलिस सदल बल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दी है. बताया जाता है कि युवक की अपनी ट्रैक्टर थी. वह अपने ट्रैक्टर चालक के बुलाने पर बुधवार की देर शाम बाइक से घर से निकला था. घटना के बाद परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक के स्वजन ने आशंका जताते हुए कहा कि रामराज की हत्या कर शव को दूसरे जगह फेंक दिए जाने की बात कही है. इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह हरिहरगंज थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि खड़गपुर पार पहाड़ के युवक का शव उसके गांव से करीब चार किलोमीटर दूर बिहार राज्य की सीमा क्षेत्र में बरामद हुआ है. पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी हुई है।











