
Location: Garhwa

गढ़वा :प्रखंड स्थित खजूरी बिन टोला में बुधवार को जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा द्वारा स्थानीय खजूरी बिन टोला में कैलाश पर्वत पर जरूरतमंद बच्चों के बीच होली सामग्री वितरित की गई। बच्चों को अबीर, गुलाल, मिठाई, चॉकलेट और बिस्कुट दिए गए, जिसे पाकर उनके चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन सेंट्रल कमेटी के सदस्य अजयकांत पाठक, स्पेशल कमेटी के पूर्व सदस्य विजय केशरी, फेडरेशन 8 के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, फेडरेशन के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज केसरी रूपा गंजी, फेडरेशन के पदाधिकारी नंद कुमार गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गढ़वा ग्रुप के अध्यक्ष राकेश केसरी ने की।
इस मौके पर पदाधिकारियों ने कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का त्योहार है। यह पर्व आपसी गिले-शिकवे मिटाकर समाज में सद्भावना और एकता को मजबूत करता है।
सदस्यों ने रासायनिक रंगों, कीचड़ और मोबिल से परहेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली में जबरदस्ती करने से बचें और दूसरों की सहमति का सम्मान करें। साथ ही, आंखों में रंग जाने से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने होलिका दहन के महत्व पर भी चर्चा की और कहा कि होलिका में बुराइयों को जलाकर समाज में प्रेम, शांति और सद्भावना का संदेश फैलाना चाहिए।
