Location: Garhwa
गढ़वा। श्रीकृष्ण गौशाला समिति, गढ़वा के सदस्यों ने गौशाला की भूमि पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित झारखंड उच्च न्यायालय में दायर रिट याचिका पर आए आदेश का स्वागत किया है। इस संबंध में आयोजित बैठक में सदस्यों ने न्यायालय के आदेश का अध्ययन कर प्रसन्नता व्यक्त की। न्यायालय ने 23 मार्च 2024 को तत्कालीन गढ़वा अपर समाहर्ता द्वारा श्रीकृष्ण गौशाला के विरुद्ध पारित आदेश पर अंतरिम रोक लगाते हुए संबंधित पक्षों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
समिति के सचिव श्याम सुंदर प्रसाद ने बताया कि गौशाला की विभिन्न प्लॉटों की भूमि के संबंध में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध कब्जा किया गया है अथवा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय में रिट याचिका संख्या 5241/2026 दायर की थी। समिति की ओर से अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय एवं ए.के. उपाध्याय की दलीलों पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश आनंद सेन की अदालत ने तत्कालीन अपर समाहर्ता के आदेश पर रोक लगा दी।
बैठक में न्यायालय के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय, ए.के. उपाध्याय तथा गौशाला समिति के कानूनी सलाहकार परेश तिवारी के प्रति आभार प्रकट किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि जिन-जिन प्लॉटों पर अवैध कब्जा किया गया है अथवा कब्जे का प्रयास हो रहा है, उनके सभी दस्तावेजों के साथ संबंधित न्यायालयों में प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाएगा। संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से भी मिलकर उन्हें सही तथ्य एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में गौशाला की अधिकांश गायों के गर्भवती होने के कारण दूध उत्पादन में आई कमी पर चिंता व्यक्त की गई। ग्राहकों की सुविधा के लिए शीघ्र दो दुधारू गाय खरीदने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा समय पर किराया नहीं देने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर बकाया किराया जमा कराने अथवा दुकान खाली कराने का भी निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से आगामी 15 अगस्त को पूर्वाह्न 11:50 बजे गौशाला परिसर में ध्वजारोहण करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष विनोद पाठक ने की तथा संचालन सचिव श्याम सुंदर प्रसाद ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में उपाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद उर्फ पुतुल, कोषाध्यक्ष नंदलाल प्रसाद, उप सचिव अरविंद पटवा, उप कोषाध्यक्ष प्रवीण जायसवाल, परामर्शदात्री सदस्य विजय केसरी, अवधेश कुशवाहा, संतोष कुमार, मनोज पटनायक, रमेश कुमार पाठक, मृत्यंजय कुमार, विकेश सिंह, श्यामानंद पांडेय, मुखिया सुरेंद्र यादव, सुरेश अग्रवाल, मंतोष कुमार, सुरेश मेहता सहित कई सदस्य उपस्थित थे।











