Location: Garhwa
गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र के एक दंपती द्वारा शनिवार को अपने पांच दिन के मासूम बच्चे को बेचे जाने की चर्चा है। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पलामू के रेड़मा इलाके में छापेमारी कर बच्चे को रिकवर किया।
डंडा थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में बच्चे से जुड़े दंपती को थाने बुलाया गया है, जबकि कथित रूप से खरीदने वाली महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नवजात को खरीदने वाली महिला के अनुसार उसने बच्चे को पांच लाख रुपये में खरीदा है।
जानकारी के अनुसार नवजात के दादा का हाल ही में निधन हो गया है और मां मानसिक रूप से कमजोर हैं। वहीं, बच्चे को खरीदने वाला परिवार आर्थिक रूप से संपन्न है और इसके सदस्य नौकरी में हैं।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि अभी पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरी स्थिति का पता चलने के बाद ही यह तय किया जा सकेगा कि क्या सही कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, बच्चा बरामद किए जाने की बात सही है और पूरे मामले की छानबीन जारी है।
नवजात के बरामद होने के बाद गढ़वा पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी सीडीसी को दी और नवजात को उनके सामने प्रस्तुत करने के लिए ले जाया गया।












