Location: गढ़वा जिला

गढ़वा: जिला मुख्यालय समेत जिले के मझिआंव, बरडीहा, श्री बंशीधर नगर (नगर ऊंटारी) सहित विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को मोहर्रम के चालीसवां (चेहल्लुम) का जुलूस आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए तथा पारंपरिक धार्मिक रस्में अदा की गईं।
मझिआंव और बरडीहा में निकला जुलूस
मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गाजे-बाजे के साथ चालीसवां का जुलूस निकाला। मझिआंव और जोगीवीर गांव से निकले जुलूस का नगर में मिलन हुआ, जिसके बाद संयुक्त जुलूस मुख्य सड़क, बस स्टैंड, तीनमुहान होते हुए ब्लॉक रोड स्थित चंद्री कर्बला पहुंचा, जहां पारंपरिक रूप से पहलाम किया गया।
वहीं बरडीहा प्रखंड के आदर, सेमरी, कुसुमिया, दांमर, जतरो और बंजारी गांवों में भी जुलूस निकाला गया। इस दौरान युवाओं ने मातमी जुलूस के साथ लाठी, डंडा एवं अन्य पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया।
नगर ऊंटारी में अमन और भाईचारे का संदेश
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय के अलावा चेचरिया, बंबा, बरडीहा, कुशदंड सहित अन्य गांवों में भी चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया। जुलूस में इस्लामिक झंडों, ताजिया और तिरंगे के साथ “या अली, या हुसैन” के नारों से वातावरण गूंज उठा। बरडीहा कर्बला मैदान में युवाओं ने लाठी, भाला और तलवार के पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार, बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान विभिन्न जुलूस मार्गों पर तैनात रहे। अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया, जिसके कारण सभी जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
इस अवसर पर विभिन्न अंजुमन कमेटियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।











