Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच स्थित कोयल नदी तट पर अवस्थित काली मंदिर का आठवां वार्षिक उत्सव शनिवार को श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
उत्सव के दौरान राधा–कृष्ण मंदिर के महंत श्री-श्री 1008 श्री केशव नारायण दास के नेतृत्व में काली मंदिर के पुजारी विनय पाठक द्वारा सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मां काली के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। महिला श्रद्धालुओं द्वारा भजन, सोहर आदि धार्मिक गीत भी गाए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मंदिर की मान्यता है कि श्रद्धा पूर्वक मां काली से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं, जिससे भक्तों की आस्था लगातार बढ़ रही है। पूजा-अर्चना के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राधा–कृष्ण मंदिर के महंत केशव नारायण दास, काली मंदिर के पुजारी विनय पाठक, विजय जॉनसन, उदय जॉनसन, नागेंद्र सिंह, उज्ज्वल कुमार, पवन कुमार, टुकु कमलापुरी, नीरज कमलापुरी, दीपक माली, छोटू चंद्रवंशी सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।











