Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): सावन माह में श्रद्धा और भक्ति का माहौल एक बार फिर चरम पर है। कांडी प्रखंड के सरकोनी पंचायत के सेमौरा स्थित राधा कृष्ण मंदिर में माथा टेककर कांवड़ियों का जत्था बोल बम के नारे के साथ बाबा नगरी देवघर के लिए रवाना हुआ।
कांवड़ियों ने “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” और “भोलेनाथ की जय” का उद्घोष करते हुए यात्रा प्रारंभ की।
इस मौके पर पंचायत के युवा मुखिया सुबोध कुमार वर्मा ने कांवड़ियों को भगवा गमछा (अंगवस्त्र) पहनाकर विधिवत विदाई दी। उन्होंने कहा यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं इन श्रद्धालु कांवड़ियों को विदाई दे रहा हूं। बाबा बैजनाथ से प्रार्थना करता हूं कि सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों और यात्रा मंगलमय हो।
सुबोध कुमार वर्मा ने आगे कहा कि आज के युवा जिस उत्साह से हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं, वह सराहनीय है। हमारी शुभकामनाएं सभी कांवड़ियों के साथ हैं।











