Location: Ramana
गढ़वा : रमना प्रखंड स्थित उत्क्रमित पल्स टू उच्च विद्यालय बुल्का के प्रांगण में 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पाँच अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास रविवार को किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक अनंत प्रताप देव, जिप अध्यक्ष शांति देवी और वरिष्ठ झामुमो नेता ताहिर अंसारी ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर शिलापट्ट का अनावरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय भवन का विस्तार किया जा रहा है। नए कक्ष निर्माण के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई में अधिक सुविधा मिलेगी।
पूर्व जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि पंद्रह वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। विधायक ने आश्वासन दिया कि मईया सम्मान और अबुआ आवास योजना का पोर्टल जल्द खोला जाएगा और छूटे हुए लाभुकों को जोड़ा जाएगा।
जिप अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार छात्रों, किसानों और गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ चला रही है और आने वाले वर्षों में विकास और तेज़ी से होगा। वरिष्ठ झामुमो नेता ताहिर अंसारी ने कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर जन समस्याओं का समाधान कर रही है और विकास की रफ्तार विपक्ष को पच नहीं रही है।
कार्यक्रम का संचालन विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा ने किया। मौके पर मुन्ना पासवान, धनंजय साह, सुभान अंसारी, मंसूर अंसारी, फारुक अंसारी, लालमन मेहता, अनिल गुप्ता, संदीप कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।











