Location: सगमा
सगमा

धुरकी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए ट्रैक्टर हादसे में 28 वर्षीय युवक गणेश प्रसाद यादव की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार घघरी निवासी गणेश प्रसाद यादव बांस-बली लदा ट्रैक्टर पर सवार होकर झुनका गांव से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर श्यामसुंदर भुईया का बताया जा रहा है।
दुसैया–झुनका मुख्य पथ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक विकेश भुईया कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि ट्रैक्टर पर बैठे गणेश प्रसाद यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर मालिक श्यामसुंदर भुईया घायल हो गए जिन्हें अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना पर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पुलिस द्वारा थाना ले जाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि “मृतक पक्ष से आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।”
ड्राइवर की उम्र को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर चलाने वाला विकेश भुईया मात्र 12 से 15 वर्ष का है, जो वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। ग्रामीणों ने कम उम्र चालक की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इलाके में शोक की लहर
मृतक गणेश प्रसाद यादव की शादी पिछले वर्ष अप्रैल में हुई थी। एक वर्ष पूरा होने से पहले ही हुई इस दर्दनाक मृत्यु से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुटे। मुख्य रूप से पूर्व जिप सदस्य नंद गोपाल यादव, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव, रामेश्वर यादव, मुखिया प्रतिनिधि अशोक राम, बीडीसी प्रतिनिधि रविंद्र बैठा, पूर्व मुखिया बिनोद कुमार राम, पूर्व बीडीसी सुशील बैठा, शैलेश यादव, रेवत प्रसाद यादव, प्रताप यादव, बलराम बैठा, भगवान दास यादव, मंगल कुमार यादव, अवधेश यादव, रिंकू यादव, धर्मेंद्र कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











