Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)।
थाना क्षेत्र के बोदरा गांव निवासी विमलेश कुमार सिंह के खलिहान में रखे धान के पुआल के ढेर में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना 26 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जिसमें पूरा पुआल जलकर राख हो गया।
पीड़ित विमलेश कुमार सिंह ने इस संबंध में थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि 26 जनवरी की रात्रि में किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने उनके खलिहान में रखे पुआल के ढेर में आग लगा दी। घटना की जानकारी उन्हें 27 जनवरी की सुबह ग्रामीणों द्वारा दी गई। जब तक वे मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया गया, तब तक पूरा पुआल जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित के अनुसार, जला हुआ पुआल लगभग 2 बीघा भूमि में उपजाए गए करीब 18 क्विंटल धान का था, जो पशुओं के चारे और घरेलू उपयोग के लिए रखा गया था। इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।











