
गढ़वा: गढ़वा पूर्वी क्षेत्र की जिला पार्षद और झामुमो नेत्री अमृतांजली दुबे ने गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ झामुमो छोड़कर भाजपा कार्यकर्ता का दामन थाम लिया। भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्रनाथ तिवारी ने उनका स्वागत करते हुए सभी नए सदस्यों को माला पहनाई। इस मौके पर पूर्व विधायक तिवारी ने दावा किया कि जनता का रुझान भाजपा की ओर है और भाजपा इस चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।
सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जनता मंत्री के कामकाज से असंतुष्ट रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी छीन ली थी, और अब चुनाव के दौरान लोग खुद को आजाद महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मंत्री की जमानत जब्त होनी तय है। लोगों को मंत्री के कार्यकाल के दौरान बालू की कमी, भ्रष्टाचार, जमीन की लूट, और गढ़वा में अपराधों में वृद्धि जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
जिला पार्षद अमृतांजली दुबे ने बताया कि उन्हें झामुमो में घुटन महसूस हो रही थी और वहां किसी को भी बोलने की आजादी नहीं थी। उन्होंने भाजपा की विचारधारा और धर्म की राजनीति में विश्वास जताते हुए पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब गोवावल क्षेत्र में झामुमो का नाम लेने वाला कोई नहीं बचा है।
भाजपा के स्टार प्रचारक और पूर्व सांसद घूरन राम ने कहा कि पलामू प्रमंडल में भाजपा की सभी नौ सीटों पर जीत का माहौल है और गढ़वा में भाजपा प्रत्याशी भारी अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने गढ़वा को अपना चारागाह समझ लिया था और यहां बाहरी लोगों का दबदबा बढ़ गया है।
इस मौके पर पूर्व मुखिया देवराज उपाध्याय, सुशील पांडेय, ब्रजेशधर दुबे, मुरलीश्याम तिवारी, अरविंदधर दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
