Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बुधवार को लेवाटांड़ एवं सुखनदी गांव में ग्रामीणों के साथ जनता चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सभी पात्र लोगों से अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पदभार ग्रहण करने के बाद से बीडीओ-सह-सीओ प्रतिदिन पैदल चलकर किसी न किसी सुदूरवर्ती गांव में जनता चौपाल आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को वे करीब 9 किलोमीटर पैदल चलकर सुखनदी और लेवाटांड़ गांव पहुंचे तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
चौपाल के दौरान आदिवासी परिवारों ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उन्हें वन पट्टा मिला था, लेकिन भूमि पर खेती करने जाने पर वन विभाग के कर्मी उन्हें रोकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित फॉरेस्ट गार्ड से बात की। फॉरेस्ट गार्ड ने कहा कि भूमि की सरकारी नापी होने के बाद पट्टे की वास्तविक सीमा स्पष्ट हो जाएगी और विभाग को कोई आपत्ति नहीं रहेगी।
ग्रामीणों ने बंदोबस्ती पर्चा वाली जमीन पर भी वन विभाग द्वारा रोक लगाए जाने की शिकायत की। इस पर अंचल अधिकारी ने आश्वासन दिया कि अंचल कार्यालय की ओर से संबंधित भूमि की शीघ्र सरकारी नापी कराई जाएगी, ताकि सीमा विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सह पारा शिक्षक वशिष्ठ पासवान, उपप्रमुख सकेन्द्र पासवान, गोरख पासवान, सुखनदी पंचायत की मुखिया ऋषा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।












