Location: Garhwa
गढ़वा।
गढ़वा शहर के दनरो नदी किनारे, सरस्वती चिकित्सालय वाली गली में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रंका थाना क्षेत्र के तमगे कला निवासी भोला सिंह का पुत्र मुकेश सिंह (26 वर्ष) के रूप में की गई है।
सुबह टहलने निकले कुछ लोगों ने नदी किनारे शव देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुसंधान शुरू कर दिया।
रिहायशी इलाके के करीब शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव दनरो नदी किनारे फेंका गया हो सकता है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।











