Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि – थाना क्षेत्र के लमारी कला गाँव निवासी उदय राम के 19 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार की मौत ट्रेन से कट जाने से हो गई। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार को हुआ।
जानकारी के अनुसार, मुकेश उदय राम की पहली पत्नी के छोटे पुत्र थे। आर्थिक तंगी के कारण मुकेश अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए थे। पिछले पाँच वर्षों से वह चेन्नई में सरिया सेटिंग का काम कर रहे थे। वे वहाँ कोलहुआ निवासी ठेकेदार सोनू राम के अधीन काम करते थे।
बताया जाता है कि मुकेश सोमवार को चेन्नई से अपने गाँव लमारी कला लौट रहे थे। इसी दौरान डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिर पड़े। झाड़ी के समीप गिरने से उनका बायां पैर कट गया और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की माता का नाम प्रभा देवी है। उनके दो बेटे हैं — बड़ा भाई मिथलेश कुमार, जो बाहर मजदूरी का काम करता है, और छोटा बेटा मुकेश, जिसकी इस हादसे में जान चली गई। परिवार अत्यंत गरीब है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव घर नहीं पहुँचा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











