Location: Garhwa
बंद उपकरणों को चालू करने, बारिश में संक्रमण से बचाव को दवा और छिड़काव की जरूरत बताई
गढ़वा : नेशनल इंटिग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के चिकित्सकों ने सोमवार को गढ़वा के नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
नीमा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. पातंजली केशरी ने सिविल सर्जन से औपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि जिले के लोग उनसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने अस्पतालों में बंद पड़े चिकित्सा उपकरणों को शीघ्र चालू कराने और रेफरल मरीजों की समस्या को कम करने पर जोर दिया। कहा कि समय पर इलाज की व्यवस्था होने से मरीजों को अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. अनिल साव ने सभी अस्पतालों में मौसम को देखते हुए पर्याप्त दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में मलेरिया, वायरल बुखार और संक्रमण जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, डीडीटी छिड़काव और मच्छरदानी वितरण आवश्यक है।
सिविल सर्जन डॉ. कैनेडी ने नीमा प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मरीजों की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर परामर्श, जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस मौके पर नीमा के प्रदेश संरक्षक संजय जयसवाल, डॉ. आशीष सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।














