Location: Manjhiaon
मझिआंव: नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार निवासी योगेंद्र प्रसाद की 23 वर्षीय पुत्री अदिति कुमारी उर्फ छोटी कुमारी की मंगलवार को संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। घटना की खबर पूरे बाजार क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग और परिजन मौके पर जुट गए।
सूचना पाकर पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी के निर्देश पर एएसआई आलोक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।
एएसआई आलोक कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतका तनाव में रहती थी। उसके गले पर रस्सी के फंदे का निशान पाया गया है, जिससे प्रतीत होता है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि जल्द ही लड़की की शादी तय थी और छेका होने वाला था, लेकिन वह बार-बार कहती थी कि “मुझे जिंदा नहीं रहना है।”
इधर, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने मझिआंव, बरडीहा और कांडी क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नेताओं से अपील की है कि किसी भी संदेहास्पद मृत्यु के मामले में पुलिस को सहयोग करें और पीड़ित परिवार को पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण केवल पोस्टमार्टम से ही स्पष्ट होता है।











