Location: पलामू
गढ़वा। शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैरिया बाजार परिसर से भारी मात्रा में डुप्लीकेट धारा रिफाइंड तेल बरामद किया है। पुलिस ने करीब ढाई लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली धारा रिफाइंड तेल को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, बैरिया बाजार प्रांगण में छापेमारी के दौरान 138 पेटियों में रखे आधा लीटर और एक लीटर पैकिंग वाले कुल 1776 लीटर डुप्लीकेट धारा रिफाइंड तेल बरामद किया गया। जब्त तेल की अनुमानित कीमत 2 लाख 66 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली तेल का कारोबार कौन कर रहा था और इसकी आपूर्ति कहां-कहां की जा रही थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।