
Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। कांडी प्रखंड के विभिन्न गांवों में सोमवार को वट सावित्री व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार वट वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और जीवन में शांति के लिए भगवान से कामना की।
भीलमा, अमडीहा, चंद्रपुर, जमुऑ, शिवरी, सीमौरा, कांडी, लमारी कला, घटहुआं कला, सेतों, हरिगावां, सननी, अधौरा, खुटहेरिया, बलियारी समेत कई गांवों की महिलाओं ने प्रातः स्नान कर फलाहार रहकर वट वृक्ष के नीचे पूजन किया।
पूजन के दौरान विद्वान पंडितों द्वारा सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण कराया गया और व्रतियों ने दान-पुण्य भी किया। वट सावित्री व्रत को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखा गया।