Location: Garhwa
गढ़वा : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गढ़वा का संगठनात्मक चुनाव आज रंका रोड स्थित तिवारी रेस्ट हाउस में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया गढ़वा जिला निर्वाचन पदाधिकारी खुर्शीद अहमद, मोहम्मद सैफुल्लाह खान एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन की देखरेख में आयोजित की गई।
इस चुनाव में सूरज सिंह ने लगातार तीसरी बार जिला अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। कुल 69 मतदाताओं में से 3 अनुपस्थित रहे। सूरज सिंह को 49 वोट, जबकि उनके प्रतिद्वंदी विनोद यादव को 16 वोट प्राप्त हुए। एक मत अमान्य घोषित किया गया।
चुनाव कार्यक्रम में प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष जमीरउद्दीन अंसारी, महासचिव परवेज शाहिद, डॉ. मुरली गुप्ता, धर्मराज राम, राजेश्वर गुप्ता, महेंद्र पाल, कामाख्या सिंह, सहित जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष, डेलीगेट्स, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव जी का 78वां जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। सूरज सिंह ने धन्यवाद देते हुए कहा कि वे पार्टी को और मज़बूती से आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते रहेंगे और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।















