Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि:
कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत घटहुआँ कला पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय रतनगढ़ परिसर में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओंकार सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाध्यापक ओंकार सिंह को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं उपहार प्रदान करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओंकार सिंह ने 16 फरवरी 2004 को भंडरिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय विंदा में शिक्षक के रूप में योगदान दिया था। इसके बाद 17 दिसंबर 2004 को उन्होंने मेराल प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय पेशका में योगदान किया। 17 मार्च 2016 को वे कांडी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय रतनगढ़ में पदस्थापित हुए और 31 जनवरी 2026 को बेदाग सेवाकाल पूरा करते हुए सेवानिवृत्त हुए।
विदाई समारोह के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिला, जब शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा करते हुए नम आंखों से उन्हें विदा किया। इस दौरान ओंकार सिंह भी अत्यंत भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
विदा लेने से पूर्व अपने संबोधन में ओंकार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार से उन्हें हमेशा सहयोग मिला, जिसके कारण वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर सके। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को अपने बच्चों की तरह पढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वे समाज में निःशुल्क शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देना जारी रखेंगे।
इस अवसर पर ओंकार सिंह ने शिक्षक महमूद अली को विद्यालय का प्रभार सौंप दिया। अब महमूद अली प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय का कार्यभार संभालेंगे। विदाई सह सम्मान समारोह का मंच संचालन महमूद अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक जयप्रकाश सिंह ने किया।
कार्यक्रम में पंचायत मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम, शिक्षक रमेश राम, आरती कुमारी, नवीन दुबे, शिव सिंह, विश्राम चौबे, सीताराम प्रजापति, अवधेश सिंह, महेंद्र मिस्त्री, कमलाकांत पाठक, शमशाद आलम, राजीव रंजन, हकीम अंसारी, सतीश चंद्र राम, सुमंत राम सहित अन्य ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। छात्राओं द्वारा स्वागत गान एवं विदाई गीत भी प्रस्तुत किया गया। समारोह में कामेश्वर सिंह, शिवकुमार सिंह, राजेश्वर सिंह, ब्रजेश सिंह, भोला राम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।











