Location: Meral
मेराल प्रखंड क्षेत्र के हासनदाग गांव स्थित मिलन पॉइंट मैदान में रविवार को नवयुवक प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा नेता विनय कुमार चौबे, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी, गुलबस अंसारी, अनिल चौधरी, संतोष चौधरी, अजमेर अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर भाजपा नेता विनय कुमार चौबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है तथा आपसी सौहार्द भी मजबूत होता है। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति से खेल को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन कर गांव और राज्य का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। हरेंद्र चौधरी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विनय चौबे ने बैट से बॉल को हिट कर टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं और सभी मुकाबले 10-10 ओवर के खेले जाएंगे। उद्घाटन मैच हंटर इलेवन बेलचंपा और कपिल इलेवन हासनदाग के बीच खेला गया। बेलचंपा की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हासनदाग की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 92 रन बनाए। जवाब में बेलचंपा की टीम 69 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हासनदाग टीम के खिलाड़ी विपिन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 रन बनाए और तीन विकेट भी लिए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मुकाबला बाना टीम और चामा टीम के बीच खेला गया। चामा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बाना टीम ने 7 विकेट खोकर 9 ओवर 2 गेंद में मैच जीत लिया।
मैच में इमरान अंसारी और मकसूद अंसारी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य मंसूर अंसारी ने किया। कमेंट्री अनिल चौधरी और सद्दाम अंसारी ने की।
टूर्नामेंट आयोजन समिति में अध्यक्ष इमरान अंसारी, उपाध्यक्ष राजा आलम, कोषाध्यक्ष साजिद अंसारी, सचिव सचिन कृष्णा चौधरी, उप सचिव दीपक चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा सदस्य के रूप में मंसूर अंसारी, अजमेर अंसारी, सद्दाम अंसारी, गुलाबास अंसारी, आलोक चौधरी, दीनानाथ चौधरी, कमलेश चौधरी, कौसर अंसारी, गफूर अंसारी, ऐनुल अंसारी, रामकेश चौधरी, हबीब अंसारी, तौहीद अंसारी, अशोक चौधरी, अनीश अंसारी, आरिफ अंसारी, मोनिश अंसारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
टूर्नामेंट को लेकर गांव में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में दर्शक मैच का आनंद लेने मैदान में उपस्थित रहे।











