Location: Meral
मेराल: थाना क्षेत्र के टिकुलडीहा गांव में मुहर्रम त्योहार के चंदा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हुई मारपीट में एक महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। घटना को लेकर पीड़िता जूही खान ने मेराल थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार मुहर्रम त्योहार के लिए चंदा लेने कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे। जूही खान ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए एक हजार रुपये चंदा देने की बात कही, जबकि चंदा लेने आए लोगों द्वारा कम से कम पांच हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
जूही खान का आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर उनका 17 वर्षीय पुत्र फैजान खान बीच-बचाव करने पहुंचा, जिसके बाद चंदा लेने आए लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में जूही खान और उनका पुत्र घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल गढ़वा में कराया जा रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके गले की चेन और कान का लॉकेट भी छीन लिया गया। थाना में दिए गए आवेदन में जूही खान ने सुल्तान खान, मेनन खान, कौशर खान, ताबिश खान, आदिल खान, अरमान खान, जाबिर खान सहित अन्य लोगों पर मारपीट और जबरन चंदा वसूली का आरोप लगाया है।
इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि जूही खान द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में जबरन चंदा वसूली को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।