मझिआंव (गढ़वा): थाना क्षेत्र के मझिआंव में पशु द्वारा फसल चराने के विवाद में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मझिआंव निवासी बृजमोहन चंद्रवंशी (55 वर्ष) एवं उनके पुत्र सुजीत कुमार चंद्रवंशी (30 वर्ष) शामिल हैं।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह पशु द्वारा फसल चराने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी। इस घटना में विनोद यादव (50 वर्ष), उनकी पत्नी भगवती देवी (40 वर्ष) तथा स्वर्गीय उपेंद्र यादव की पत्नी सुनीता देवी (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों को रेफरल अस्पताल मझिआंव में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया था।
घायल सुनीता देवी के आवेदन पर थाना कांड संख्या 68/2026 के तहत 17 जुलाई को विभिन्न धाराओं में सुजीत कुमार, बृजमोहन चंद्रवंशी, बृजमोहन चंद्रवंशी की पत्नी तथा बहू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया गया है। वहीं, शेष दो नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।











