मझिआंव
प्रखंड अंतर्गत बोदरा पंचायत के महुगांई टोला में आयोजित बी.पी.एल सीजन–2 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर एवं बल्लेबाजी कर किया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच लावाचंपा और बोदरा के बड़का खाला की टीमों के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में लावाचंपा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। यह मैच जितेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में खेला गया।
इस अवसर पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सफल, भव्य एवं अनुशासित आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम है। खेल से अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और अपनी प्रतिभा के बल पर झारखंड राज्य का नाम देश-विदेश में रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है, साथ ही सामाजिक एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा भी मजबूत होती है।
मौके पर जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह, बीडीसी अनिल राम, विधायक मीडिया प्रभारी हरिनाथ चंद्रवंशी, मुखिया प्रतिनिधि इंदल सिंह, पूर्व बीडीसी पंकज सिंह, विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र सोनी, इमरान खान, जय कुमार सिंह, जवाहिर चौधरी, तपेसर चौधरी, लालमन यादव, देवकुमार राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











