Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि) : रक्षाबंधन के दिन मझिआंव मेन बाजार में कई दुकानों पर छापामारी कर मिलावटी और नकली मिठाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान से मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
छापामारी टीम में एसडीएम संजय कुमार पांडेय, पुलिस इंस्पेक्टर और पुलिस बल शामिल थे। कार्रवाई के दौरान वीकी मिष्ठान भंडार समेत कई दुकानों की जांच की गई और मौके पर ही मिलावटी व नकली मिठाइयों को नष्ट कर दिया गया।
एसडीएम पांडेय ने पत्रकारों को बताया कि मिलावटी और नकली मिठाई बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पादों से दुकानदारों की कमाई तो बढ़ती है, लेकिन उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी नियमित रूप से छापेमारी और जांच जारी रहेगी। यदि कोई दुकानदार दोबारा मिलावटी मिठाई बेचते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी मिठाई दुकानदारों को मिलावटी मिठाई की बिक्री तुरंत बंद करने की सख्त हिदायत दी गई।











