Location: Manjhiaon
मझिआंव और बरडीहा प्रखंड में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आक्रोश रैली निकाली गई। मझिआंव में रैली की अगुवाई नगर पंचायत मंडल अध्यक्ष पवन कुमार ने की, जबकि बरडीहा में प्रभारी रामलाल दुबे के नेतृत्व में रैली निकाली गई। रैली भाजपा कार्यालय से शुरू होकर बाजार होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मनरेगा में लूट बंद करो, भ्रष्टाचार पर रोक लगाओ जैसे नारे लगाए। रैली के अंत में उपायुक्त के नाम 14 सूत्री मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। मझिआंव में यह पत्र प्रखंड नाजिर जितेंद्र कुमार सिंह को और बरडीहा में प्रधान सहायक नरेंद्र कुमार को सौंपा गया।
मांग पत्र में जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र और राशन कार्ड बनाने में दलाली समाप्त करने, अपराध प्रभावित क्षेत्रों में थाना प्रभारियों को जिम्मेदार ठहराने, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन का शीघ्र भुगतान, विद्यालयों में शिक्षकों और अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति, दवा, ऑक्सीजन, एंबुलेंस और टीकाकरण की व्यवस्था, ग्रामीण अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ने, जर्जर सड़कों और सरकारी भवनों की मरम्मत, बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर करने तथा धान विक्रेताओं किसानों को बकाया भुगतान कराने जैसी मांगें शामिल हैं।
कार्यक्रम में रविन्द्र पासवान, रामलाल दुबे, पवन कुमार, दीपक चौहान, वीरेंद्र नाथ दुबे, प्रेमानंद त्रिपाठी, अशोक ठाकुर, अखिलेश विश्वकर्मा, जगदीश पासवान, महादेव उरांव, उमाशंकर यादव, श्रीनाथ चंद्रवंशी, मृत्युंजय पासवान, अरविंद राम, कमलेश उरांव, अजय प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।











