Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर। पलामू प्रमंडल के डीआईजी नौशाद आलम ने शनिवार को भवनाथपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना, पुलिस निरीक्षक कार्यालय, निर्माणाधीन इंस्पेक्टर कार्यालय सह आवास एवं पुलिस पदाधिकारी आवास का जायजा लिया।
थाना पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना सिरिस्ता में अभिलेखों का अवलोकन किया और पाई गई त्रुटियों को सुधारने, जनता की शिकायतों का त्वरित निपटारा करने तथा जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
डीआईजी ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला दौरा है। पहले यह क्षेत्र अतिसंवेदनशील था, लेकिन अब जनता के सहयोग से स्थिति सामान्य है। उन्होंने सभी थानों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही।
इस अवसर पर भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, खरौंधी थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, हरिहरपुर ओपी प्रभारी सैफुल्लाह खां सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।











