Location: सगमा
धुरकी के जंगल में अधेड़ आदिम जनजाति व्यक्ति का दुर्गंधयुक्त शव मिलने से सनसनी
गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्बा कला गांव के जंगल में एक अधेड़ व्यक्ति का दुर्गंधयुक्त शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धोबनी गांव निवासी सकल कोरवा (लगभग 65 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह बीते शनिवार से घर से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
मंगलवार की रात ग्रामीणों को कुम्बा कला जंगल की ओर से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो पत्थरों के बीच एक शव पड़ा मिला, जिससे काफी दुर्गंध आ रही थी। नजदीक जाकर देखने पर शव की पहचान सकल कोरवा के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक झाड़-फूंक का काम करता था और क्षेत्र में उसकी पहचान इसी रूप में थी।
घटना की सूचना मिलने पर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने एसआई शेखर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।