Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर – रेलवे विभाग की लापरवाही ने एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर दिया। शनिवार को जंगीपुर गांव के तीन युवक — राजन उरांव (18), अजय कुमार (19) और सूरज कुमार (18) — धुरकी मोड़ के पास सड़क हादसे में घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राजन की हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया।
लेकिन एंबुलेंस की राह में बाधा बन गया रेलवे अंडरपास, जो बारिश के चलते तालाब बन चुका था। पानी से लबालब भरे इस रास्ते से एंबुलेंस नहीं निकल सकी, तो ग्रामीणों ने राजन को कंधे पर उठाकर कीचड़ और रेलवे ट्रैक पार कराया। फिर दूसरी ओर खड़ी एंबुलेंस में किसी तरह उसे शिफ्ट किया गया। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे।
ग्रामीणों ने रेलवे विभाग, स्थानीय विधायक और सांसद पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हर बारिश में यह अंडरपास मौत का जाल बन जाता है, लेकिन आज तक कोई ठोस जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई। चेतावनी दी गई कि जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन होगा।
लाखों की लागत से बना यह अंडरपास आज विकास नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता और जनजीवन के संकट का प्रतीक बन गया है। ग्रामीणों का सवाल है—“अगर रास्ता खुला होता, तो क्या घायल को ऐसी तकलीफ झेलनी पड़ती?”
“











