Location: Manjhiaon
मझिआंव/बरडीहा (प्रतिनिधि)। झारखंड सरकार की ओर से छात्राओं के बीच वितरण के लिए भेजी गई साइकिलों की गुणवत्ता पर बरडीहा प्रखंड में सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलने पर बीडीओ-सह-सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने प्रखंड परिसर में रखी साइकिलों की स्वयं जांच की। जांच में पाया गया कि अधिकांश साइकिलों के पुर्जे ठीक से कसे नहीं गए थे और कई साइकिलें अधूरी फिटिंग के कारण जर्जर स्थिति में थीं।
बीडीओ ने प्रभारी कल्याण पदाधिकारी राजकुमार एवं अन्य कर्मियों के साथ साइकिलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई छात्राओं को साइकिल प्राप्त करने के बाद निजी साइकिल दुकानों पर 200 से 300 रुपये खर्च कर दोबारा फिटिंग करानी पड़ रही है। इससे छात्राओं और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
बीडीओ श्री सिंह ने कहा कि अधूरी फिटिंग वाली साइकिलों का वितरण किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा। उन्होंने साइकिल फिटिंग कर रहे पर्यवेक्षक को मौके पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और जिला स्तर के सुपरवाइजर से फोन पर बात कर सभी साइकिलों की पुनः सही तरीके से फिटिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी साइकिलें पूरी तरह सुरक्षित और मानक के अनुरूप होने के बाद ही छात्र-छात्राओं के बीच उनका वितरण किया जाएगा। अन्यथा संबंधित एजेंसी के खिलाफ जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी जाएगी।
मौके पर मौजूद साइकिल वितरण एजेंसी के पर्यवेक्षक ने बीडीओ से दो दिन का समय मांगा और आश्वासन दिया कि इस अवधि में सभी साइकिलों की समुचित फिटिंग कर उन्हें वितरण योग्य बना दिया जाएगा।