Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। मुस्लिम धर्मावलंबियों का पर्व ईद मिलादुन नबी और कर्मी पर्व को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद ने की।
बैठक में उपस्थित दोनों समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ दोनों पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का निर्णय लिया। लोगों ने कहा कि यहां सभी त्योहार हमेशा से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाते हैं और आगे भी इसी परंपरा को बनाए रखा जाएगा।
इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद ने कहा कि पर्व के दिन पुलिस की गश्त लगातार जारी रहेगी और चौक-चौराहों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी तरह की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को अवगत कराएं, उस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे, कलाम खां, हजारी प्रसाद, सूर्यदेव मेहता, लक्ष्मण राम, सदर तोहिद खान, समीम खान, तस्लीम खान, फिरोज अंसारी, मोहम्मद आलम, मुखियागण समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।











