Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने की। बैठक में पदाधिकारी, कार्यालय प्रधान, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा नगर पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
गणतंत्र दिवस के दिन झंडोत्तोलन का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
अनुमंडल पदाधिकारी, बंशीधर नगर आवासीय कार्यालय में सुबह 9 बजे,
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आवासीय कार्यालय में 9:10 बजे,
अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में 9:15 बजे,
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 9:30 बजे,
पुलिस निरीक्षक कार्यालय में 9:35 बजे,
प्रखंड कार्यालय में 9:45 बजे,
नगर उंटारी थाना में 10 बजे तथा
अनुमंडलीय मैदान, बंशीधर नगर में 11 बजे मुख्य झंडोत्तोलन किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मार्च पास्ट, झांकी, देशभक्ति एवं प्रगति गीत, राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, देशभक्ति गीत एवं अन्य मैदानी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मैदानी कार्यक्रम के चयन हेतु 21 जनवरी को राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, नगर उंटारी में सुबह 11 बजे से चयन प्रक्रिया होगी।
भाषण प्रतियोगिता का आयोजन 22 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे तथा प्रश्न मंच प्रतियोगिता दोपहर 1 बजे से राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, नगर उंटारी में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं को चार वर्गों में विभाजित किया गया है। ग्रुप ‘ए’ में कक्षा 11 एवं उससे ऊपर, ग्रुप ‘बी’ में कक्षा 9 से 10, ग्रुप ‘सी’ में कक्षा 6 से 8 तथा ग्रुप ‘डी’ में कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सभी प्रतियोगिताओं एवं मुख्य समारोह के लिए निर्णायक मंडल का चयन कर लिया गया है।
मुख्य समारोह में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अंचल निरीक्षक सुरेंद्र कुमार एवं कनिय अभियंता जितेंद्र कुमार को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं चिकित्सा व्यवस्था के लिए अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक को चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा, नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, शैलेश चौबे, डॉ. संतोष कुमार, सेवानिवृत्त डॉ. धर्मचंद्र अग्रवाल, सेवानिवृत्त डॉ. शुक्ला प्रसाद, सेवानिवृत्त गदाधर पांडेय, शिक्षक देव शंकर प्रसाद, कमलेश पांडेय, पूर्व शिक्षक शिवनारायण चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।











