Location: Garhwa
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने नवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड सरकार और जिला प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि जैसे महापर्व के दौरान भी बाजारों में मांस, मछली, अंडा और शराब की दुकानें खुलेआम चालू हैं, जिससे श्रद्धालुओं की पूजा-पाठ में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने झामुमो सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह उनकी दोहरी मानसिकता और हिंदू विरोधी सोच को दर्शाता है। रितेश चौबे ने मांग की कि जिला प्रशासन अविलंब हस्तक्षेप करते हुए दशहरा तक इन चीजों की खुलेआम बिक्री पर रोक लगाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार में बार-बार हिंदू त्योहारों के दौरान ही व्यवधान उत्पन्न किया जाता है, जबकि स्थानीय प्रशासन और समाजसेवियों की बैठकों के बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती।
चौबे ने कहा कि नवरात्रि के दौरान सड़क किनारे मांस पकाए जाने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि पूजा पंडालों के आस-पास सफाई, कानून-व्यवस्था और धार्मिक भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि झामुमो सरकार हिंदू भावनाओं का अपमान बंद करे और धार्मिक त्योहारों के दौरान शांति और गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाए।











