
Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): डायन-बिसाही के आरोप में पुतुर गांव निवासी 70 वर्षीय रामधनी बैठा की टांगी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है, जब रामधनी बैठा सारदा गांव के जमुनिया टोला स्थित अपने भंडार पर खेती देखने गए थे।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पूतुर गांव के संजय बैठा और राजेश्वर बैठा पर हत्या का आरोप लगाते हुए धुरकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया गया कि संजय बैठा और रविंद्र बैठा का भाई, होमगार्ड जवान मनोज बैठा, बीमारी के कारण मृत हो गया था। परिजन रामधनी बैठा को ओझा-गुणी मानते थे और आरोप लगाते थे कि उन्हीं के कारण मनोज बैठा की मृत्यु हुई। इसी वजह से रामधनी बैठा को धमकी दी जा रही थी और अंततः उनकी हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही धुरकी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने कहा कि हत्या के पीछे की असली वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है।
इधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मौके पर सारदा मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र राम और हनुमंत यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।