Location: चिनियां
चिनिया (प्रतिनिधि):
प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मुख्यालय निवासी रामलाल साह की 20 वर्षीय पुत्री आस्था कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब आस्था अपनी सब्जी दुकान से घर लौट रही थी। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर की ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही आस्था सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। सिर फटने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और वह अचेत अवस्था में तड़पती रही। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनिया पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चिनिया थाना प्रभारी अमित कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल युवती को गढ़वा भेजने में सक्रिय सहयोग किया।
थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रैक्टर और चालक की पहचान के लिए जांच प्रारंभ कर दी है।











