Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर:
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड सीजीएल परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 30 दिसंबर को रांची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर भवनाथपुर प्रखंड के सिंघीताली गांव के दो युवाओं ने सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है।
सिंघीताली गांव निवासी साकेत कुमार चौबे, पिता स्वर्गीय चंद्रकेतु चौबे, को अनारक्षित कोटे से एएसओ पद पर नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ। वहीं पीयूष कुमार पानी, पिता सुशील कुमार चौबे, को एमओ पद के लिए नियुक्ति प्रदान की गई। एक ही गांव के दो युवाओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद दोनों युवाओं के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और ग्रामीणों के चेहरों पर गर्व और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने कहा कि साकेत और पीयूष ने कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर यह सफलता प्राप्त की है, जो गांव की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों युवाओं ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहनों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
उल्लेखनीय है कि साकेत कुमार चौबे चपरी पंचायत के मुखिया शैलेश चौबे के छोटे भाई हैं, जबकि पीयूष कुमार पानी इंटक यूनियन के जिला अध्यक्ष सुशील चौबे के पुत्र हैं।
बधाई देने वालों में सुंदरिया पंचायत के मुखिया नंदलाल पाठक, अनिल चौबे, राकेश चौबे, उमेंद्र यादव, सतीश चौबे, पीनाकी चतुर्वेदी, विजय चौबे, जितेंद्र चौबे, मनोज कुमार प्रजापति, रामविजय साह, दूदू चौबे, गोपाल उरांव, दीपक जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।











