Location: Garhwa
गढ़वा :युवा आजसू के प्रदेश संयोजक एवं ओबीसी एकता एवं अधिकार मंच के केंद्रीय सचिव रविंद्र नाथ ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा जातीय जनगणना कराने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के वंचित समुदाय के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
रविंद्र नाथ ठाकुर ने कहा कि जातीय जनगणना की मांग काफी समय से की जा रही थी। आजसू पार्टी एवं ओबीसी मंच लगातार इसके लिए संघर्षरत रही है। केंद्र सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर सामाजिक न्याय के पक्ष में बड़ा निर्णय लिया है।
ठाकुर ने कहा कि जातीय जनगणना से देश में वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का आंकलन किया जा सकेगा, जिससे वंचित वर्गों को सही योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि पिछली बार 1952 में जातीय जनगणना हुई थी, जबकि 2011 में हुई आर्थिक और सामाजिक जनगणना के आंकड़े आज तक सार्वजनिक नहीं हो पाए।
उन्होंने कहा कि आज भी कई जातियां गुमनामी में जी रही हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। जातीय जनगणना से यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत किसे है।
ठाकुर ने कहा कि आजसू पार्टी शुरू से ही सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है और पिछड़ों व वंचितों के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रही है। जरूरत पड़ने पर पार्टी ने न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह फैसला देश के हर नागरिक के लिए लाभकारी साबित होगा।
















