Location: कांडी
कांडी प्रखंड के सरकोनी पंचायत में सड़क की स्थिति बदतर, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
कांडी (प्रतिनिधि)। जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत सरकोनी पंचायत की जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय युवा मुखिया सुबोध कुमार वर्मा ने रविवार को ग्रामीणों के साथ मंझियावो-बिश्रामपुर विधानसभा के नव निर्वाचित विधायक नरेश प्रसाद सिंह से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग की।
मुखिया ने बताया कि मोखापी मोड़ से पतीला-मंझिगावा मोड़ तक सड़क का टेंडर वर्षों पहले नंदनी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था, लेकिन अब तक एक कंकड़ तक नहीं डाला गया। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, “अगर किसी मरीज को इस रास्ते से अस्पताल ले जाना पड़े तो वह बीच रास्ते में दम तोड़ देगा।
मुखिया ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीण विरोध प्रदर्शन और धरना करेंगे। इस दौरान उन्होंने विधायक से तुरंत हस्तक्षेप कर कार्य पूर्ण कराने की मांग की।
शिकायत के बाद विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा, “आपलोग दो महीने इंतजार करें, इसके बाद मैं खुद निर्माण कार्य करवाऊंगा।”
मौके पर बिरजू राम, अवधेश राम, छोटू दुबे, लाला दुबे, प्रमोद राम, छोटू पासवान, गौतम पासवान, लक्ष्मण पासवान, रोहित ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।











