Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में बीती रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान जमुआ गांव निवासी रमाकांत भुइया की 20 वर्षीय पत्नी रूना प्रतिमा के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग थाना पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। खरौंधी थाना क्षेत्र के नवाडीह टोला निवासी मृतका की मां असमपति देवी ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री की शादी करीब सात वर्ष पूर्व रमाकांत भुइया के साथ हुई थी।
आवेदन में कहा गया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मोटरसाइकिल, सोने के गहने और दो लाख रुपये नकद दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर रूना प्रतिमा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
मृतका की मां के अनुसार, 23 मई की शाम करीब चार बजे रूना की सास ने फोन कर उसकी तबीयत गंभीर होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन रात में जमुआ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि रूना प्रतिमा की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता की गला दबाकर हत्या की गई और शव को जलाने की तैयारी की जा रही थी। मामले में मृतका के पति रमाकांत भुइया, सास बिंदु देवी, ससुर बुद्धु भुइया, भसुर अखिलेश भुइया, देवर छोटू भुइया और ननद सुष्मिति देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है।
मायके पक्ष ने बताया कि दहेज को लेकर अक्सर रूना प्रतिमा के साथ मारपीट की जाती थी। इस विवाद को लेकर 14 मई को खरौंधी में समाज के लोगों के बीच समझौता भी कराया गया था।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।