Location: Manjhiaon
मझिआंव प्रखंड अंतर्गत बरडीहा थाना क्षेत्र के लावा चंपा गांव निवासी कैलाश चौधरी के एकलौते पुत्र लगभग 20 वर्षीय उदेश चौधरी का शव 31 दिसंबर को चेन्नई में उसके किराए के कमरे से बरामद किया गया। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार उदेश चौधरी चेन्नई के ओड़ापनम क्षेत्र में स्थित के.एस.वी. नामक कंपनी में कार्यरत था। 31 दिसंबर को वह प्लांट में काम करने गया था, जहां हाजिरी बनाने के बाद वह वहां से निकल गया। दोपहर में जब अन्य मजदूर भोजन के लिए कमरे पर लौटे, तो उसी कमरे में उदेश का शव पाया गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता कैलाश चौधरी, जो घटना स्थल से लगभग 40 किलोमीटर दूर मजदूरी कर रहे थे, मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया, जिसकी जांच की जा रही है।
स्थानीय मजदूरों के अनुसार मृतक के मोबाइल में कुछ तस्वीरें मिली हैं, जिनकी पहचान कराने का प्रयास किया गया, हालांकि अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं बताया जा रहा है कि मृतक ने अपनी बहन की शादी के दौरान काम के एवज में लिए गए कुछ पैसों को लेकर दबाव की स्थिति का सामना किया था। इस पहलू को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
मृतक का शव 3 जनवरी को सुबह लगभग 8 बजे लावा चंपा गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उदेश अपने परिवार का एकमात्र पुत्र था। उसकी पांच बहनें हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। घर के इकलौते सहारे के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाद में स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।











