Location: चिनियां
गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चिनिया थाना प्रभारी, चिनिया जी.एम. हाई स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं थाना के सभी पुलिसकर्मी एक साथ एकता के प्रतीक बनकर सड़क पर उतरे।
कार्यक्रम के तहत सभी प्रतिभागियों ने चिनिया थाना चौक से रंका मोड़ साइन बोर्ड तक पैदल मार्च निकाला। हाथों में तख्तियाँ और बैनर लिए बच्चों व पुलिसकर्मियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस मौके पर चिनिया थाना प्रभारी, एसआई संतोष कुमार, एसआई क़शीद हुसैन, एसआई सुखराम उरांव सहित थाना के सभी पुलिस जवान मौजूद रहे। विद्यालय के प्रिंसिपल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई और सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि समाज में भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।











