Location: Garhwa
गढ़वा। अखिल विश्व गायत्री परिवार गढ़वा की ओर से गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। जिले के विभिन्न शक्तिपीठों एवं प्रज्ञा केंद्रों में गायत्री हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान गायत्री परिजनों ने गुरु के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए युग निर्माण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में परिजनों ने सवा लाख गायत्री मंत्र जाप अनुष्ठान का भी संकल्प लिया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर स्थानीय उत्सव गार्डेन के प्रशाल में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा समिति के बैनर तले जिलास्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 50 शिक्षकों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मनोजचंद्र झा ने शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं गायत्री मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए पुष्पा श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधान न्यायाधीश मनोजचंद्र झा, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता, प्रो. विवेकानंद उपाध्याय, संजय सोनी, विनोद पाठक, शशिशेखर गुप्ता, दयाशंकर गुप्ता एवं सरयू चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायाधीश मनोजचंद्र झा ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक और संस्कारों के निर्माता भी होते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु को भगवान से भी ऊंचा स्थान दिया गया है, क्योंकि शिष्य को भगवान का बोध कराने का कार्य भी गुरु ही करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों में आ रही कमी के बीच गुरु परंपरा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण बेहद जरूरी है।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संयोजक संजय सोनी ने परीक्षा की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में 50 लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं। गढ़वा जिले में इस वर्ष पांच हजार विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को परीक्षा से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के डीएसई एवं डीईओ को भी पत्र भेजा गया है।
कार्यक्रम के दौरान गुरु वंदना की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। गुरु वंदना शिवपूजन व्यास, बीएसकेडी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका कल्पना सोनी तथा महिला मंडल की शोभा पाठक, अनिता देवी, मीना कमलापुरी, पूनम चौबे और सुनंदा दूबे ने प्रस्तुत की। वाद्ययंत्र पर नंदू ठाकुर, अशोक विश्वकर्मा और अभिषेक ठाकुर ने संगत की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संतन मिश्र, महेंद्र कुमार, रंजीत केसरी, अशोक विश्वकर्मा, सूरजमल चौधरी, राजीव रंजन चौधरी, रीना कुमारी, शोभा सोनी, अनिल विश्वकर्मा, मिथिलेश कुशवाहा, गौतम विश्वकर्मा, अरुण प्रजापति, अनिल सोनी, डॉ. सुनील विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। संचालन विनोद पाठक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।











