Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर:
थाना क्षेत्र अंतर्गत बनसानी पंचायत के माईधिया निवासी विनोद भुइया (पिता स्व. बिफन भुइया, उम्र 48 वर्ष) की मौत गुजरात के मुंद्रा स्थित छायापुरी में गुरुवार को बुखार से हो गई। मृतक विनोद भुइया अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ पिछले दो वर्षों से गुजरात में रहकर काम कर रहे थे।
शनिवार की अहले सुबह मृतक का शव एंबुलेंस से गांव पहुंचा। मृतक के पुत्र दिनेश भुइया ने बताया कि उनके पिता को बुखार आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी जीरा देवी ने कहा कि समूह से ऋण लिया गया था और ऋण चुकाने के लिए पूरा परिवार बाहर मजदूरी करने गया था।
शव गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रमुख पति शैलेन्द्र पाठक, राजेश्वर पासवान, माणिक पासवान, उपमुखिया अवधेश यादव, निरंजन कुमार पाठक, राजकुमार यादव, उदय यादव, मुन्ना यादव और धर्मजीत यादव ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।











