Location: पलामू
मेदिनीनगर। लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुचला गांव निवासी इकरामुद्दीन अंसारी के 40 वर्षीय पुत्र शोएब अंसारी को गांव के ही कुछ ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में शोएब की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, गांव के रौशन मियां, सकील अहमद, महताब आलम और आफताब आलम ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि शोएब किसी पुराने केस में गवाह बना था, इसी रंजिश में यह हमला किया गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल शोएब को तत्काल छिपादोहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टीयू, जवान महेंद्र कुमार और विकास कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।











