Location: Garhwa
गढ़वा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण और अनुसंधान में तेजी लाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने पुराने लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, नियमित अंतराल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने, प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त मोबाइल नंबरों का समय पर सत्यापन करने तथा थाना क्षेत्रों में रोड सेफ्टी, साइबर सुरक्षा सहित अन्य विषयों पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सड़क दुर्घटना एवं एससी/एसटी कांडों में मुआवजा के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने, सड़क सुरक्षा के तहत ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपाय करने, वाहन चेकिंग के दौरान रक्षक ऐप में वाहनों का विवरण दर्ज करने तथा नफीस में कैदियों के फिंगर प्रिंट की प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा विगत माह दर्ज कांडों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने, DGsP एवं IGsP कॉन्फ्रेंस पोर्टल में थाना-वार प्रविष्टि करने, एससी/एसटी एवं पॉक्सो एक्ट के मामलों में विशेष ध्यान देने, नक्सल कांडों का त्वरित निष्पादन करने, पेट्रोलिंग पार्टी पर QR कोड के माध्यम से निगरानी रखने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने तथा पासपोर्ट/चरित्र सत्यापन, वारंट-कुर्की निष्पादन, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर पुलिस पोर्टल, JOFS, पीजी पोर्टल, एनडीपीएस, CCA और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अनुसंधानकर्ताओं को ई-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि करने को कहा गया।
गोष्ठी के दौरान पशु चिकित्सा पदाधिकारी कांडी डॉ. अमित कुमार ने झारखंड गोवंशीय पशु अत्याचार अधिनियम-2005 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी, ताकि संबंधित मामलों के अनुसंधान में सहूलियत हो सके।
इस अवसर पर पु.अ.नि. श्री रामरेखा तिवारी को सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानपूर्वक विदाई भी दी गई।











