Location: Garhwa
गढ़वा। जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। 29 जनवरी से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ चुकी है और इसके साथ ही शहरी राजनीति पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों के लिए अलग-अलग नगर निकायों में उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने लगी है, जिससे मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।
अब तक मिले नामांकन आंकड़ों के अनुसार नगर परिषद गढ़वा में अध्यक्ष पद के लिए अभी नामांकन नहीं हुआ है, जबकि वार्ड पार्षद के 19 पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। वहीं नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में अध्यक्ष पद के लिए 03 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि वार्ड पार्षद के 32 पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके अलावा नगर पंचायत मंझिआँव में अध्यक्ष पद के लिए 01 उम्मीदवार। पुष्पक पांडेय ने नामांकन किया है और वार्ड पार्षद के 07 पदों के लिए भी प्रत्याशी सामने आ चुके हैं।
नामांकन के साथ-साथ प्रत्याशियों द्वारा समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन, जनसंपर्क और राजनीतिक सक्रियता तेज हो गई है। वार्डों और मोहल्लों में बैठकों का दौर शुरू हो चुका है और मतदाताओं को साधने की रणनीतियाँ खुलकर सामने आने लगी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में नामांकन की संख्या और बढ़ेगी, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गर्म होगा।











