Location: Garhwa
गढ़वा वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने सामाजिक समरसता, दलित उत्थान और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा पुलिस प्रशासन से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष चंदन कुमार पासवान ने किया। उनके साथ जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मिथिलेश पासवान, जिला महासचिव रामचंद्र पासवान, बेलचंपा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सोनल पासवान, मनीष कुमार समेत कई सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने वीर बाबा चौहरमल की विरासत को सम्मान देने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को जोड़ने जैसे विषयों पर चर्चा की। साथ ही समिति ने जिले में दलित समाज के बीच सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान को लेकर चल रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एसपी ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन समाज के सभी वर्गों की सुरक्षा और विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और वीर बाबा चौहरमल की स्मृति में जिले में एक स्मारक स्थल या आयोजन की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया।















