
सगमा, गढ़वा:
सगमा प्रखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव की पत्नी तथा पूर्व प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष उषा देवी का पार्थिव शरीर शुक्रवार को काशी के गंगा तट पर पंचतत्व में विलीन हो गया। पति राजेंद्र प्रसाद यादव ने नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी।
उषा देवी का निधन गुरुवार को हुआ था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने जीवनकाल में ही इच्छा जताई थी कि उनका अंतिम संस्कार काशी में किया जाए। उनकी इस अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के पड़ाव स्थित अघोरेश्वर महाप्रभु विभूति स्थल गंगा घाट पर विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि राजेंद्र प्रसाद यादव न सिर्फ वरिष्ठ भाजपा नेता हैं, बल्कि सर्वेद्वारी समूह के वरीय सदस्य होने के साथ-साथ भगवान अघोरेश्वर के अनन्य उपासक भी हैं। इस आध्यात्मिक जुड़ाव को देखते हुए उन्होंने काशी के पावन तट को पत्नी की अंतिम यात्रा का साक्षी बनाया।
अंतिम संस्कार के मौके पर गुरु भाई हेमंत प्रताप देव, संजय प्रताप देव, डीडी सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। माहौल भावुक था, और हर आंख नम थी।